छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव तेजलहेड़ा में धर्मस्थल के बाहर से होली का जुलूस निकालने को लेकर दो समुदाय के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इससे सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दो थानों की फोर्स के साथ पहुंचे पुलिस अफसरों ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में उनका चालान कर दिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मामले को रफा-दफा किया।
गांव तेजलहेड़ा में होली पर कुछ युवक रंग खेलने के बाद डीजे बजाकर गांव की गलियों में घूम रहे थे। इसी दौरान जब वे एक धर्मस्थल के सामने पहुंचे तो दूसरे समुदाय के युवकों ने धर्मस्थल के सामने से जुलूस निकालने का विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।
इसके चलते गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर पुरकाजी व छपार थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी लोग अपनी बात पर अड़े रहे। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन-तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, जिनका बाद में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया गया। देर शाम दोनों पक्षों के बीच गांव में ही अफसरों की मौजूदगी में समझौता कराते हुए मामले को रफा-दफा कर दिया गया। इंस्पेक्टर छपार एचएन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने की बात पर सहमत हो गए है। इसके चलते फिलहाल विवाद का निपटारा करा दिया गया है।