फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे के विवाद में दो पक्ष भिड़े

Sat, 16 Mar 2019 11:45 PM IST
Deepak Sharma मुजफ्फरनगर/अमर उजाला/ब्यूरो
विज्ञापन
revel - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव जौली में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमीन की पैमाइश करने पहुंचे अफसरों के सामने ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के बाद पथराव हो गया, जिसमें महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे अफसरों ने लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर काबू पाने के बाद जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया है।
विज्ञापन


थाना क्षेत्र के गांव जौली में सुनील पुत्र धर्मपाल के घर के सामने ग्राम पंचायत की कुछ जमीन खाली पड़ी है, जिसे कुछ लोगों द्वारा खत्ते के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। करीब एक सप्ताह से जमीन के इस टुकड़े पर कब्जे को लेकर सुनील पक्ष का सचिन पुत्र तुलाराम पक्ष से विवाद चल रहा था। तीन दिन पूर्व हुए विवाद के बाद पहुंची पुलिस ने शनिवार को प्रशासनिक अफसरों को बुलाकर विवाद का पटाक्षेप कराने का आश्वासन दिया था।

शनिवार दोपहर जौली चौकी प्रभारी एसआई गुरुवचन सिंह, हल्का लेखपाल खचेडू खां व मुकेश कुमार के साथ ही ग्राम प्रधान के पति शाह रजा नकवी मौके पर पहुंचे और विवाद खत्म करने को दोनों पक्षों को भी बुला लिया गया। इसी दौरान जमीन की नापजोख के दौरान दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई, जिसके बाद उनके बीच मारपीट के साथ ही जमकर पथराव होने लगा।
विज्ञापन


मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक टीम भी पथराव व संघर्ष में बाल-बाल बची और उन्होंने वहां से भागकर किसी तरह जान बचाई। संघर्ष व पथराव में एक पक्ष से सुनील व ऋषि और दूसरे पक्ष से तुलाराम व सहनो घायल हो गए। घटना की सूचना पर क्षेत्र में फ्लैैगमार्च कर रहे सीओ राममोहन शर्मा व इंस्पेक्टर एमएस गिल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लाठियां फटकारते हुए भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद विवादित जमीन को भी भारी फोर्स की मौजूदगी में ही कब्जा मुक्त कराते हुए भविष्य में कब्जा करने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। तत्पश्चात चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में अपनी तरफ से कार्रवाई करने की तैयारी कर रही थी।

महज शांतिभंग में चालान कर कार्रवाई की इतिश्री
भोपा। गांव जौली में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे को लेकर सुनील व तुलाराम पक्ष के बीच करीब एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। पिछले तीन दिन से तो दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ चुके थे, जिनमें से शुक्रवार को तो जौली चौकी प्रभारी एसआई गुरुवचन सिंह के सामने ही उनके बीच मारपीट भी हुई थी। शनिवार को एक बार फिर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के सामने ही दोनों पक्षों में संघर्ष व पथराव हुआ, जिसमें चार लोग घायल भी हुए और टीम को भागकर जान बचानी पड़ी। इसके बावजूद थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लेते हुए पकड़े गए आरोपियों का महज शांतिभंग की आशंका में चालान कर कार्रवाई की इतिश्री कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की इस लापरवाही के चलते यदि दोबारा दोनों पक्ष आमने-सामने आते हैं तो गांव की शांति व्यवस्था भी भंग होने का खतरा उत्पन्न हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें