मोरना। पुलिस की गोकशी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गया। पुलिस ने मौके से मांस, उपकरण, अवशेष व बदमाश के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
भोपा के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला लक्कुपुरा दक्षिणी में स्थित कब्रिस्तान की दीवार के नीचे शुक्रवार की देर रात पुलिस को गोकशी करने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर भोपा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी प्रारंभ कर दी। घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करनी प्रारंभ कर दी।
पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश कस्बा निवासी शाहिद पुत्र रशीद घायल हो गया। इस दौरान मौका पाकर बदमाश साजिद पुत्र अलीहसन उर्फ अली अहमद कुरैशी निवासी गांव सीकरी फरार हो गया। मुठभेड़ में बदमाशों की गोली लगने से कांस्टेबल संदीप कुमार भी जख्मी हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश व कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
भोपा थाना प्रभारी मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि फरार बदमाश साजिद पर पुलिस मुठभेड़, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम के सात मुकदमे दर्ज हैं। साजिद गिरोह बनाकर बड़े पैमाने पर गोकशी करने के अपराध में संलिप्त रहता है। कई बार पुलिस पर भी हमला कर चुका है। मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर लेखराज सिंह, जगपाल सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार, मनोज, रवि कुमार, मोहित, नितिन मौजूद रहे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश शाहिद व फरार हुए साजिद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। भोपा सीओ राममोहन शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में गोकशी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।