मुजफ्फरनगर। चार दिन पूर्व नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में आधी रात को घर में घुसकर पांच लोगों ने एक महिला से दुष्कर्म किया। महिला के नई मंडी थाने में तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार को पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर बताया कि पति से विवाद होने के कारण वह मायके नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। चार दिन पूर्व 29 अगस्त की रात वह घर में सो रही थी कि तभी दरवाजा खटखटाने की आवाज पर उसने दरवाजा खोला तो पांच लोग जबरदस्ती घर में घुस आए।
आरोपी जबरदस्ती उसका मुंह दबाकर उसे अंदर कमरे में ले गए। बाहर एक आरोपी तमंचा लेकर खड़ा हो गया। सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह से छूटकर शोर मचाया तो आरोपी घटना के बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने मामले की जानकारी गांधी कालोनी पुलिस चौकी को दी, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी।
महिला ने एसपी सिटी से चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाऱ्ई की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ने नई मंडी कोतवाली को मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।