मुजफ्फरनगर। वेबसाइट पर लाइक और लिंक करने के मामले में क्लिक कर लोगों को करोड़ों का चूना लगाने वाली कंपनी के खिलाफ जनपद के लोगों ने डीजीपी से शिकायत की है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत नोएडा एसटीएफ से भी की है। डीजीपी ने कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
मुजफ्फरनगर निवासी अंकुश कुमार, राखी जैन, हिमांशु राठी, वीनस वर्मा, गार्गी शर्मा, आकाश त्यागी, रणबहादुर सिंह, जहांगीर खान, अनिल कुमार, राधिक सिंह, ललिता, सचिन संगल, कनिका गोयल, नितिन कुमार, संदीप त्यागी, निक्षित गर्ग, सुभाष शर्मा, स्वाति, अशोक बालियान, तारिक मोहम्मद, रूबी खान, रुबीना खातून, सरिता बालियान, शिवांगी, अजय बालियान, मोहम्मद. नौशाद, शाहरुख खान, नवाज, रेखा बालियान, रोहित राठी, आकाश त्यागी, एम नौशाद ने डीजीपी कार्यालय व नोएडा एसटीएफ एसएसपी से शिकायत कर बताया कि अब्लेज इंफो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सेक्टर 63, नोएडा अपने ग्राहकों को उनकी वेबसाइट पर अधिक से अधिक टेरिफ प्रदान करती है।
वेबसाइट के लिंक पर क्लिक करके रोजाना पैसे कमाए जा सकते हैं। कंपनी की ओर से गया था कि 57500 रुपये में 125 लिंक डेली व 125 लाइक के 650 रुपये प्रतिदिन खाते में आएंगे। पीड़ितों ने झांसे में आकर कंपनी के खाते में रुपये जमा करा दिए, जिसके बाद कंपनी ने उन्हें यूजर नेम तथा पासवर्ड उपलब्ध करा दिया था। आरोप है कि कंपनी ने कुछ दिन तक लोगों के खातों में भुगतान किया। बाद में भुगतान आना बंद हो गया। डीजीपी और आईजी आफिस से एसएसपी मुजफ्फरनगर को कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने सिविल लाइन पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।