फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट डालने से रोकने पर बागोवाली में पथराव, फायरिंग

Sat, 10 Oct 2015 12:18 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। पंचायत चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को सदर और पुरकाजी ब्लाक में छिटपुट घटनाओं के बीच 69.5 प्रतिशत मतदान हुआ। बागोवाली गांव में जिला पंचायत के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच संघर्ष हो गया। पथराव के बाद दोनों पक्षों में फायरिंग हुई।
विज्ञापन


पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आदर्श कालोनी के एक बूथ पर कर्मचारी पर बैलेट से प्रत्याशी का नाम फाड़ने का आरोप लगने पर प्रशासन ने उसे तत्काल हटा दिया। कूकड़ा गांव में कुछ सपाइयों द्वारा बूथों पर हंगामा करने पर पुलिस ने उन्हें दौड़ा लिया।

शुक्रवार को प्रथम चरण के मतदान में सुबह ही बूथों पर लोगों की कतारें लग गईं। 245 मतदान केंद्रों पर बिना किसी बाधा के मतदान शुरू हो गया। आदर्श कालोनी के इंडिया पब्लिक स्कूल के बूथ पर एक कर्मचारी पर आरोप लगाया गया कि वह एक प्रत्याशी का नाम मतपत्र से फाड़ रहा है।
विज्ञापन


हंगामे को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस कर्मचारी को हटाकर दूसरा कर्मचारी लगा दिया। दोपहर के समय मतदान केंद्रों पर सूनापन दिखाई दिया। तीन बजे के बाद एक बार फिर बूथों पर लंबी कतारें लग गईं। वार्ड-पांच के गांव बागोवाली में इसी बीच जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी पप्पू और फरहाद मलिक के समर्थकों में वोट डालने को लेकर विवाद हो गया।

 पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ कर केंद्र से बाहर कर दिया। बात इतनी बढ़ी की पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बूथ से बाहर निकलने के बाद पथराव और फायरिंग हो गई। मतदान कर्मियों ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर अतिरिक्त फोर्स मंगवाई। एडीएम प्रशासन मनोज सिंह और एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और मतदान दोबारा शुरू कराया।

इसके चलते लगभग एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। एक घायल हुसैन को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अफजाल, पप्पू, मोहसिन, गफ्फार पर हमले का आरोप लगाया गया।

डीएम निखिलचंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह ने खुद मतदान केंद्रों का दिनभर निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। बागोवाली गांव में झगड़ा मतदान केंद्र के बाहर हुआ है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें