मुजफ्फरनगर। छपार क्षेत्र के एक गांव में घास काटने गई महिला के साथ खेत मालिक ने दुराचार का प्रयास किया। महिला ने गांव आकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों ने आरोपी के घरवालों से शिकायत की और छपार पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने भी कुछ नहीं किया। रात में ही गांव में पंचायत बैठी। पंचों का कोरा आश्वासन मिलने पर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया।
शुक्रवार शाम छपार के एक गांव की महिला शाम के समय जंगल में घास लेने गई थी। आरोप है कि घास काटने के दौरान खेत स्वामी ने महिला से दुराचार का प्रयास किया। किसी तरह बचकर महिला गांव पहुंची और परिजनों को मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने कोई बात नहीं सुनी। परेशान पीड़िता परिजनों के साथ छपार थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। बेहद गरीब परिवार ने ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी।
गांव में पंचायत बैठी, लेकिन पंचायत ने भी पीड़िता को सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूरी रात परेशान रहने के बाद शनिवार सुबह पीड़िता ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। पुलिस मामले से अनभिज्ञता जता रही है।