युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार देर शाम छपरा मार्ग पर बदमाशों ने एक दुकानदार की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब दुकानदार अपने भतीजे के साथ दुकान बंद करके छपार से अपने गांव बाइक से जा रहा था। कत्ल की वारदात से इलाके में दहशत व्याप्त है। परिजनों में कोहराम मचा है। हत्या की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। शव को कब्जे में ले लिया। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई जारी थी।
छपार थाना क्षेत्र के गांव छपरा निवासी 48 वर्षीय चंचल उर्फ आजाद पुत्र कालूराम की कसबा छपार में चंचल इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान है। शुक्रवार देर शाम करीब साढे़ सात बजे चंचल दुकान बंद करके अपने भतीजे राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर छपार से अपने गांव छपरा जा रहा था। बाइक को चंचल चला रहा था। गांव के ही कुछ युवक आगे अन्य बाइक से जा रहे थे। छपार कसबे से निकल कर छपरा मार्ग पर जब वे नाले के पास पहुंचे तो तभी पहले से ही ईंख के खेत में घात लगाए खड़े बदमाशों ने चंचल पर फायर कर दिया।
गोली उसके सीने में लगी और वह बाइक समेत नीचे गिर गया। जिससे उसका भतीजा राहुल भी घायल हो गया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। भतीजा और अन्य ग्रामीण उसे गंभीर अवस्था में लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने दुकानदार को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए तथा घटना के बारे में जानकारी ली। परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली तथा छपार पुलिस को हत्याकांड के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।