घटनास्थल की जांच करती फोरेंसिक जांच टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बुढ़ाना में शनिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने कांधला रोड पर सीआईएसएफ जवान के घर में लूटपाट कर डाली। ममटी का शीशा तोड़कर बदमाश मकान में घुसे और जवान समेत परिजनों को गोली मारने की धमकी देते हुए बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर के अंदर से करीब 30 हजार की नकदी, सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने बनाकर चाय भी पी और जाते समय बाइक लेकर फरार हो गए।
कांधला रोड पर आबादी से दूर शमीम सैफी का मकान है, उसका पुत्र फिरोज सीआईएसएफ का जवान है। वह इन दिनों छुट्टी पर आया हुआ है। शनिवार रात दोनों पिता-पुत्र परिवार के साथ सो रहे थे। रात में करीब दो बजे ममटी का शीशा तोड़कर तीन नकाबपोश बदमाश मकान में घुस आए। उन्होंने कमरे में रखी अलमारी, संदूक आदि खंगालने शुरू किए तो आहट पाकर फिरोज की आंख खुल गई। फिरोज के शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी देते हुए बाथरूम में बंद कर दिया।
बदमाशों ने फिरोज के पिता शमीम, उसकी माता जैबुन और पत्नी नाजिया को भी शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी और सभी को बंधक बना लिया। बदमाशों ने अलमारी, संदूक में रखी करीब 30 हजार की नकदी, सोने चांदी के आभूषण और मोबाइल आदि लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने रसोई में घुसकर स्वयं चाय बनाकर पी। जाते समय बदमाश नीचे गैलरी में खड़ी फिरोज की बाइक लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों ने शोर मचाया तो पड़ोसी जाग गए, उन्होंने मकान में आकर परिजनों को बंधक मुक्त किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते पर इंस्पेक्टर डीके त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक विभाग की टीम ने भी बारीकी से जांच की। घटना की रिपोर्ट फिरोज ने कोतवाली में दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वारदात के खुलासे के लिए दो टीम गठित की गई हैं। बदमाशों के हुलिया और लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।