कोतवाली में इंस्पेक्टर का घेराव करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में एडिटिंग कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपमानजनक फोटो व्हाट्स एप ग्रुप पर वायरल करने पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में हंगामा करते हुए इंस्पेक्टर का घेराव कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। पुलिस ने एक सभासद के आरोपी पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कर लिया है। पुलिस ने फरार आरोपी के भाई को हिरासत में लिया है।
पूर्व विधायक के प्रतिनिधि द्वारा संचालित व्हाट्स एप ग्रुप पर नगर पालिका सभासद के पति अनवर कुरैशी ने मुख्यमंत्री का अपमानजनक फोटो पोस्ट कर दिया। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। भाजपाइयों की आपातकालीन बैठक दीपचंद मंडी में विनीत ठाकुर के कार्यालय पर हुई, जिसमें विरोध प्रकट किया गया। नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे और हंगामा करते हुए इंस्पेक्टर केपी सिंह का घेराव कर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की।
इंस्पेक्टर ने कार्यकर्ताओं को समझाबुझा कर शांत किया। पुलिस ने अनवर कुरैशी के विरुद्ध धारा 66 एआई एक्ट और 295 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।