मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली बाईपास होते हुए हरिद्वार घूमने जा रहे परिवार से चार बदमाश तमंचों के बल पर कार लूटकर ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के घंटों तलाश करने के बाद भी बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
मथुरा के पुष्प विहार जयसिंह कॉलोनी निवासी मनमोहन शर्मा पुत्र रामअवतार शर्मा पत्नी शिखा शर्मा और पुत्र विशेष शर्मा के साथ सिलेरियो कार से हरिद्वार जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे बाईपास पर संगम होटल के पास पंक्चर वाले की दुकान से आगे वह कार रोककर टायलेट कर रहे थे। उसी समय पीछे से आए चार बदमाशों ने परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर कार लूट ली और फरार हो गए।
कार के अंदर दो मोबाइल फोन और तीन एटीएम कार्ड भी थे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।