मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली में जानसठ रोड पर टीपीनगर में कार सवार अज्ञात बदमाशों ने ट्रक चालक को गोली मारकर घायल किया। ट्रक स्वामी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
टीपी नगर में रविवार रात नया गांव मीरापुर निवासी सुरेश पाल पुत्र धूम सिंह अपने ट्रक में सोया हुआ था। आधी रात के करीब एक इंडिका कार में सवार तीन बदमाश ट्रक के पास पहुंचे और सुरेश को उठाया।
बदमाशों ने उससे लूट का प्रयास किया, विरोध करने पर मारपीट की और बाद मे गोली मारकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
ट्रक स्वामी मनोहर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।