खतौली (ब्यूरो)। स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका के गले से बाइक सवारों ने सोने की चेन झपट ली। झपट्टा मारने पर चेन टूटकर सडक़ पर गिर गई। उसका बाकी हिस्सा बाइक सवार लेकर भाग निकले। शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवारों का पीछा भी किया। लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके।
मोहल्ला जमना विहार की रहने वाले शिक्षिका लबीता शर्मा शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। मोहल्ले में आते ही बाइक सवार दो युवकों ने अध्यापिका के पास पहुंचकर झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तोड़ ली। चेन टूटने के बाद सड़क पर नीचे गिर गई। चेन का कुछ हिस्सा युवकों के हाथ में चला गया।
आरोपी युवक बाइक लेकर भाग निकले। शिक्षिका ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोगों ने बाइक सवारों का काफी दूर तक पीछा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अध्यापिका से घटना के बारे में पूछताछ की।