मुजफ्फरनगर के खतौली के राजा वाल्मीकि हत्याकांड में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। एक कैमरे में हत्यारोपी कैमरे में कैद हो गए हैं। वारदात के बाद बाइक पर तीन बदमाश तेजी से भागते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस रंजिश और लेनदेन को लेकर मामले की जांच में जुटी है। अभी तक की जांच में चेयरमैन का सीधे कोई लिंक नहीं मिला है।
खतौली के मोहल्ला देवीदास निवासी भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की बुधवार सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद कस्बे में घंटों अराजकता का माहौल रहा। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर नगर पालिका चेयरमैन पारस जैन समेत तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मौके पर सांत्वना देने पहुंचे चेयरमैन को भीड़ ने पीट दिया था, तभी से पुलिस ने चेयरमैन को हिरासत में ले रखा है। उनके लगातार पूछताछ की जा रही है। एसएसपी बबलू कुमार ने घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगा रखी हैं,
जो कई बिंदुओं पर जांच फोकस किए हुए हैं। हत्यारोपी बाइक पर थे और नकाब लगाए हुए थे। माना जा रहा है कि हत्या में भाड़े के शूटरों का इस्तेमाल किया गया है। सवाल यही है कि आखिर राजा वाल्मीकि की हत्या के पीछे कौन है। चेयरमैन से उनकी रंजिश की जांच-पड़ताल की जा रही है। सूत्रों की मानें तो अभी तक चेयरमैन का सीधा कोई क्लू सामने नहीं आया है। राजा वाल्मीकि का ब्याज पर लेनदेन का काम भी था। फिलहाल रंजिश और लेनदेन बिंदुओं पर पुलिस की जांच टिकी हुई है। घटनास्थल होली चौक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखने में पुलिस जुटी है।
एक कैमरे में तीनों आरोपियों की फुटेज आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने नकाब लगा रखे थे, जबकि बीच में बैठे आरोपी ने नकाब नहीं लगा रखा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि नकाब वाले हत्यारोपी की राजा से जान-पहचान के रहे होंगे। पुलिस फुटेज से ली गईं फोटो लोगों को दिखाकर उनकी पहचान का प्रयास कर रही है। 24 घंटे बाद भी वारदात में पुलिस के हाथ ज्यादा कुछ नहीं लगा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पैसों के लेनदेन की डिटेल खंगाली जा रही हैं। एक चर्चित अपराधी के गांव से जुड़ा मामला भी सामने आया है। उसकी गहराई से जांच-पड़ताल कराई जा रही है। पुलिस केस में नामजद दूसरे लोगों की भी खोजबीन में जुटी है। माना जा रहा है कि उनके पूछताछ के बाद ही कोई क्लू सामने आ सकता है।
दूसरे दिन भी होती रही चेयरमैन से पूछताछ
मुजफ्फरनगर। राजा वाल्मीकि की हत्या के मामले में हिरासत में लिए गए खतौली चेयरमैन पारस जैन से पुलिस ने दूसरे दिन भी पूछताछ का सिलसिला जारी रखा। सुरक्षा की दृष्टि से चेयरमैन को खतौली थाने में नहीं रखा गया है। उनसे पूछताछ का ठिकाना बार-बार बदला जा रहा है। पहले मंसूरपुर, फिर सिखेड़ा और बाद में सिविल लाइन थाने में चेयरमैन की भूमिका की जांच की गई। नामजद होने पर भी पुलिस ने अभी उन्हें जेल नहीं भेजा है। पुलिस अधिकारी मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ही चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है। चेयरमैन को मीडिया और उनके परिजनों से भी दूर रखा जा रहा है।
मृतक के घर पर पुलिस फोर्स तैनात
खतौली (मुजफ्फरनगर)। भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की हत्या के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। उधर, मृतक भाजपा नेता के घर नेताओं समेत परिचित लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे। मृतक के घर पर परिजनों की सुरक्षा को लेकर पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। राजा वाल्मीकि की हत्या के खुलासे में जुटी पुलिस बृहस्पतिवार को पूरे दिन पूछताछ में जुटी रही। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने पुलिस टीम के साथ मृतक की डेयरी की सामने स्थित परचून दुकानदार अनिल से पूछताछ की। आसपास के अन्य दुकानदारों से भी वारदात के बारे में पूछताछ की। प्रशासन ने ऐहतियातन मृतक के घर सुरक्षा के लिए पुलिस लगा दी है। शक के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को उठाया है, जिनसे पुलिस घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। बृहस्पतिवार को मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए भाजपा के पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ सुभाष चंद शर्मा, भाजपा नेता रमेश खुराना, श्याम सिंह सैनी, मदन छाबड़ा आदि नेतागण पहुंचे।
पीएम रिपोर्ट में चार गोलियां निकलीं
खतौली। भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की हत्या में .32 बोर के पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। एक ही पिस्टल से चार गोली गोली मारी गई। इसकी पुष्टि इंस्पेक्टर केपी सिंह ने की है। कोतवाल ने बताया कि नकाबपोश बदमाशों ने .32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल वारदात में किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसे चार गोली मारे जाने की बात सामने आई है।