धामपुर में बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर बाजार से खरीदारी करने जा रही महिला के कान से सोने का कुंडल खींच लिया। महिला के शोर मचाने के बाद भी बदमाश पकड़ में नहीं आ सके। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। कोतवाल ने घटना के संज्ञान में होने से इंकार किया है।
टीचर्स कॉलोनी निवासी किरन गुप्ता सोमवार की दुपहर बाद बाजार जा रही थी। पुराना धामपुर की चुुंगी के पास पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने उसके कानों पर झपट्टा मारकर एक कान का कुंडल खींच लिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। इस दौरान महिलाओं ने ‘पकड़ो-पकड़ो’ का शोर भी मचाया, पर कोई भी व्यक्ति इन बदमाशों को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखा सका।
यह हालत तब है, जबकि पुराना धामपुर चुंगी पर दिन में पुलिस पिकेट तैनात रहती है। घटना के समय पुलिस की टीम वहां पर मौजूद नहीं थी। लोगों में दिनदहाड़े हुई वारदात से दहशत है। उन्होंने पुलिस से जल्द घटना का पर्दाफाश करने की मांग की है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में क्षेत्र में कई स्थानों पर चोरी की वारदात हो चुुुकी है। शनिवार रात चोर पालिकाध्यक्ष महमूद हसन कस्सार के घर को खंगालकर करीब पांच लाख की कीमत का माल चोरी कर ले गए थे।