मिल मंसूरपुर में गांव जौहरा रोड पर ग्रामीणों और बदमाशों के बीच जमकर आमने सामने गोलियां चलीं। बदमाशों ने पुलिस बुलाने पर ग्रामीणों को धमकी तक दे डाली। पुलिस को देखकर बदमाश ईंख के खेतों में घुस गए। पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर कांबिंग की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
मिल मंसूरपुर में जौहरा रोड पर कई परिवार रहते हैं। पिछले तीन-चार दिनों से बदमाश आ रहे थे। जाग होने पर बदमाश भाग जाते थे। इसलिए ग्रामीण अपने मकानों की छत पर रात को जागकर पहरा दे रहे हैं। मंगलवार रात 6-7 बदमाश आ गए। छतों पर पहरा दे रहे ग्रामीणों ने बदमाशों को देखकर शोर मचा दिया। ग्रामीणों के जागने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में ग्रामीणों ने भी बदमाशों पर फायरिंग की और 100 नंबर पर फोन कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो बदमाश भाग गए। इसके बाद पुलिस लौट आई। पुलिस के जाने के आधा घंटे बाद बदमाश फिर से आ गए और फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश गोली चलाते हुए ग्रामीणों को धमकी दे रहे थे कि अब पुलिस को बुलाकर दिखाओ। सूचना पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची तो बदमाश ईख के खेत में जा घुसे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन बदमाश पुलिस हत्थे नहीं चढ़ सके।