पुलिस द्वारा पकड़े गए हथियारों के तस्कर।
- फोटो : अमर उजाला
मांडी नहर पुल के पास पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान इंडिका कार सवार तीन बदमाशों को पकड़ने का दावा किया है। बदमाशों के पास से एक मस्कट 12 बोर और दो तमंचों के अलावा चार कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाश अवैध असलहों के तस्कर हैं, जो हथियार बेचने मुजफ्फरनगर जा रहे थे।
तितावी थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया की रविवार रात पुलिस मांडी नहर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय मांडी की ओर से एक लाल रंग की इंडिका कार आती दिखाई दी। जिसको दरोगा शिवकुमार ने रुकने का इशारा किया तो कार में सवारों ने फायर कर कार को दौड़ा लिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर जीप से पीछा करते हुए बदमाशों को घेर लिया।
कार रोक कर बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तीनों बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक मस्कट, दो तमंचे और चार कारतूस मिले हैं। कार को भी कब्जे में ले लिया गया। पकड़े गए बदमाश थाना क्षेत्र के मांडी गांव के हैं।
पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम सलीम पुत्र अलीमुद्दीन, सहजाद पुत्र सलीम और रविंद्र उर्फ घोलू पुत्र सोमपाल बताया। बदमाश आसपास के क्षेत्र में हथियारों की सप्लाई करते थे। इस दौरान भी ये मुजफ्फरनगर में किसी को असलाह बेचने जा रहे थे। पूछताछ के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।