मुजफ्फरनगर। शहर के भगत सिंह रोड स्थित ज्वैलरी शॉप में बृहस्पतिवार दोपहर हुई 40 लाख की सनसनीखेज चोरी के मामले में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने शुक्रवार को शॉप में पहुंचकर सराफ से घटना की जानकारी ली। उधर, पुलिस को चोरी के इस मामले में अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर बहुत जल्द वारदात का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह रोड पर घासमंडी चौराहे के पास स्थित जय शिव ज्वैलर्स के यहां बुर्कानशीं महिलाओं ने करीब सवा किलो सोने के जेवरात से भरा बॉक्स चोरी कर लिया था। ज्वैलरी शॉप के मालिक मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी सुशील कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो बुर्कानशीं महिलाओं द्वारा चोरी को अंजाम दिए जाने की तस्वीरें फुटेज में कैद मिलीं। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह शुक्रवार को ज्वैलरी शॉप पहुंचे और पीड़ित सराफ सुशील कुमार से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही
एसएसपी ने शॉप के सीसीटीवी की फुटेज भी चेक करते हुए इंस्पेक्टर अनिल कपरवान को वारदात के खुलासे के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि घटना की जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर टीमें बनाकर आरोपी महिलाओं को चिह्नित करते हुए उनकी तलाश की जा रही है। बहुत जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।