मुजफ्फरनगर। गांव सादपुर में चकबंदी को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में संघर्ष-फायरिंग की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से सात लोगों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है। ऐहतियातन गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सादपुर निवासी विजय सिंह और कृष्ण कुमार के खेतों की चकबंदी होनी है। बुधवार को संबंधित लेखपाल मांगेराम व काननूगो चकबंदी के लिए गांव सादपुर में पहुंचे थे। जब तहसील अधिकारी विजय व कृष्ण के साथ उनके खेतों की चकबंदी करने लगे, उसी दौरान दूसरे समुदाय के दर्जनों लोग वहां जा पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने चकबंदी कर रहे अफसरों को दौड़ाते हुए वहां मौजूद ग्रामीणों से भी हाथापाई व बदसलूकी कर दी। इसी दौरान किसी ने गांव में दो समुदायों के बीच संघर्ष, फायरिंग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी।
आनन-फानन में रोहाना चौकी प्रभारी एसआई विनय शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एक पक्ष से अब्बास, मुश्ताक, मोहसिन, तहसीन व नजर और दूसरे पक्ष से विजय सिंह व कृष्ण कुमार को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कवायद होती रही, लेकिन इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने समझौते को नकारते हुए सभी सातों लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।