मुजफ्फरनगर। शहर में कई जगह बवाल के बाद कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। अनहोनी के भय से लोग डरे हुए दिखाई दिए। वहीं, शहर में पुलिस की समस्त व्यवस्था धराशायी दिखाई दी। अचानक दंगे के बाद सी स्थिति नगर में नजर आने लगी।
बाजार बंद कराने को लेकर बिगड़े हालात, महावीर चौक और रेलवे स्टेशन में जमा उग्र भीड़ के बाद शहर में कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन में पथराव और फायरिंग की घटना के बाद पूरा शहर सुनसान हो गया। चारों तरफ पुलिस के सायरन गूंजते दिखाई दिए। शहर में अगर कहीं किसी चौराहे पर दो चार लोग खड़े दिखाई दिए तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, ऐसे में आम आदमी सड़क पर निकलता हुआ दिखाई नहीं दिया। अनहोनी के भय से बाजार तो बंद हो ही गए, ई-रिक्शा तक गायब हो गई। बाजारों में पान के खोखे और चाय की दुकान भी बंद हो गई। आम आदमी के मुंह से यही निकलता दिखाई दिया कि दंगे के बाद पहली बार शहर में ऐसे हालात बने हैं। भीड़ का इलाका शिवचौक हो या झांसी की रानी, मीनाक्षी चौक रहा हो या महावीर चौक सब जगह सन्नाटा पसरा था। कचहरी खुली थी, लेकिन दोपहर यहां भी सुनसान जैसी स्थिति हो गई।