लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस
कांधला। कस्बे के एक निजी चिकित्सक ने दो युवकों पर तमंचे के बल पर मोबाइल और रुपये लूटने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की तो मामला झूठा निकला। पुलिस चिकित्सक की तलाश कर रही है।
सोमवार को कस्बा निवासी एक चिकित्सक ने मोबाइल और नगदी लूटने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में मामला गलत निकला। क्लीनिक पर एक युवक पट्टी कराने आया था इसी बीच चिकित्सक का मोबाइल किसी ने चोरी कर लिया। युवक के जाने के बाद चिकित्सक ने पुलिस को फोन कर बताया कि युवक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर तमंचे के बल पर आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
दंपती को मारपीट कर घायल किया
कांधला। गांव खंद्रावली निवासी शमीम ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि गांव के चार लोगों ने सबमर्सिबल पर पानी भरने गई उसे और उसकी पत्नी को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों ने अस्पताल में उपचार कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।