लिफ्ट देकर बैग से नगदी उड़ाई
मुजफ्फरनगर। कार सवारों ने शुक्रताल के एक आश्रम के पंडितजी को बोलेरो में लिफ्ट देकर उनके बैग से 27 हजार की नगदी चोरी कर ली। पीड़ित ने नईमंडी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रताल के दंडी आश्रम में रहने वाले पंडित बनवारी लाल शर्मा बुधवार को दिल्ली से लौट रहे थे। वे रोडवेज बस से भोपा बाईपास पर उतरे और पैदल भोपा की ओर चल दिए। इसी दौरान पीछे से एक बोलेरो उनके पास आकर रुकी। कार में दो महिलाएं और तीन युवक सवार थे। बोलेरो सवार लोगों ने लिफ्ट देने के बहाने पंडित बनवारी लाल शर्मा को कार में बैठा लिया। कार में भीड़ होने के बहाने पंडितजी का बैग पीछे रखवा दिया। इसी दौरान कार सवारों ने पंडितजी के बैग में एक किताब में रखे 27200 रुपये चोरी कर लिए। जटमुझेड़ा के पास कार में खराबी होने का बहाना बनाकर पंडितजी को कार से उतार दिया और कार लेकर वापस मुजफ्फरनगर की ओर चले गए। पंडितजी ने जब आश्रम में जाकर अपना बैग चेक किया तो उसके बैग से नकदी गायब थी। बृहस्पतिवार को पीड़ित ने नई मंडी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इस बाबत जानकारी दी और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो बदमाश दबोचे, सामान किया बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। गांधीनगर में बदमाशों ने एक दुकान से नकदी और सामान चोरी कर लिया। दुकानदार ने दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सामान बरामद कर उन्हें जेल भेजा है।
नईमंडी के गांधीनगर निवासी राकेश पुत्र रामस्वरूप की बाजी व गणेश मोटर्स के नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। रात में बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर 25 हजार रुपये, स्पेयर पार्ट्स, औजार आदि सामान चोरी कर लिया। बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैैद गए। सुबह दो बदमाश पास ही स्थित एक शराब के ठेके पर शराब लेने आए थे, जिन्हें दुकानदार ने पहनकर शोर मचाया और लोगों की मदद से दोनों को दबोच लिया। बाद में उन्हें पुुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए बदमाश टोडा कल्याणपुर निवासी असगर और कृष्णापुरी निवासी राहुल ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए चोरी का सामान बरामद करा दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया हे।
एटीएम कार्ड बदलकर 70 हजार निकाले
मुजफ्फरनगर। एटीएम से रुपये निकालने वाले गिरोह ने एक ग्रामीण का एटीएम कार्ड बदल कर करीब 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तितावी के गांव हैदरनगर निवासी ओमपाल सिंह ने बताया कि वह टाउनहाल के पास एटीएम से दो हजार रुपये निकालने आया था। एटीएम से रुपये नहीं निकले तो वहां खड़े चार युवको ने मदद की बात कहते हुए एटीएम लेकर दो हजार रुपये निकाल कर उसे दे दिए और दूसरा एटीएम कार्ड बदल कर उसे सौंप दिया। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से एटीएम कार्ड के जरिए उसके खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अवैध कब्जा हटवाने की मांग मुजफ्फरनगर। चरथावल के गांव कुटेसरा निवासी राजपाल त्यागी पुत्र आत्माराम त्यागी ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त करवाने की मांग की है। शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही याकूब और अय्यूब ने तालाब और नाले की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिया। बताया कि हाईकोर्ट ने भी अवैध कब्जा हटवाने के आदेश दिए थे, बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। शिकायतकर्ता ने डीएम से इसकी जांच करा कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।