बड़े भाई ने की थी बहन की हत्या
मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने पलड़ी गांव के गुलिस्ता हत्याकांड का खुलासा कर दिया। बड़े भाई गुलफाम ने ही अपनी ससुराल वालों को फंसाने के लिए बहन की सोते समय हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपी भाई गुलफाम को हत्या में प्रयुक्त तमंचे समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी देहात अजय सहदेव ने पत्रकारों को बताया कि शाहपुर के गांव पलड़ी में 22 जुलाई की रात को सोते समय अपने मायके में रह रही गुलिस्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छोटे भाई सनव्वर ने बड़े भाई गुलफाम के ससुराल वालों हाशिम, दाऊद निवासीगण हुसैनपुर कलां, बुढ़ाना आदि के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच-पड़ताल और सर्विलांस के जरिए हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने मृतका के बड़े भाई गुलफाम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया। एसपी देहात ने बताया कि गुलफाम का अपने ससुराल वालों से विवाद चल रहा है, जिसके चलते उसकी पत्नी भी अपने मायके हुसैनपुरा कलां में रह रही है, जबकि गुलिस्ता भी अपने पति से मनमुटाव के चलते यहां मायके पलड़ी गांव में रह रही थी। बड़े भाई गुलफाम ने रात को आकर सोते हुए बहन गुलिस्ता की हत्या कर दी और रात में ही बड़ौत चला गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। उधर, प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने गुलफाम से पूछा कि बहन को क्यों मारा, तो उसने साफ कहा कि मैंने नहीं मारा, ससुराल वालों ने मारा है। पुलिस ने मुझे झूठा फंसाया है।