खतौली (मुजफ्फरनगर)। फाइनेंसर हत्याकांड में पुलिस ने नीरज चौहान को आखिरी कॉल करने वाले फुगाना के युवक को हिरासत में लिया है। इसके अलावा फाइनेंसर के बेहद करीबी माने जाने वाले खतौली के एक साथी को भी को पूछताछ करने के लिए हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच इन दोनों से पूछताछ करने में जुटी है।
मोहल्ला गणेशपुरी के फाइनेंसर नीरज चौहान हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस और क्राइम ब्रांच जुटी है। मृतक नीरज चौहान का लॉक मोबाइल भी खुलवाया जा चुका है। मोबाइल में मिली आखिरी कॉल रिकॉर्डिंग से फुगाना के एक युवक को पुलिस ने सोमवार की रात को दबिश देकर पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फुगाना के इस युवक ने फाइनेंसर के पास लाखों रुपयों की लॉटरी डाल रखी थी। लॉटरी को लेकर ही फुगाना के युवक ने फाइनेंसर से बातचीत की थी। फाइनेंसर का जिन लोगों के साथ लाखों रुपयों का लेनदेन चलता था, पुलिस ने सोमवार की रात उनके यहां पर भी दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ सका। क्राइम ब्रांच ने फाइनेंसर के उस खतौली निवासी करीबी साथी को भी हिरासत में लिया है, जो पैसों के लेनदेन के बारे में अपनी बातों को शेयर करता था। क्राइम ब्रांच पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस की माने तो अभी इस हत्याकांड में कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लग सका है। खतौली इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक फाइनेंसर के कारोबार से जुड़े लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इस हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने को पुलिस दिन रात लगी हुई है।
झारखंड में रेत खनन से तो नहीं जुड़ा हत्याकांड
फाइनेंसर नीरज चौहान ने तीन माह पूर्व झारखंड में खनन माफिया के साथ रेत खनन का ठेका लेने के बात भी सामने आ रही है। रेत खनन का ठेका लेने पर फाइनेंसर करीब 20 दिनों तक झारखंड में भी रहा और माफिया के साथ मिलकर मोटी रकम की हिस्सेदारी भी की थी। मृतक के परिजनों से ही धीरे धीरे उसके कारोबारों की परतें खुलने लगी है। पता चला है कि फाइनेंसर का प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम था। पुलिस अब इस हत्याकांड को रेत खनन से भी जोडकर जांच पड़ताल में जुटी है।
मार्केट में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली
क्राइम ब्रांच टीम और पुलिस ने मिलकर बिद्दीवाड़ा में व्यापारियों के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाली। फाइनेंसर की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि रविवार की शाम को छह बजे के करीब लंबे बाल वाला युवक उनका पीछा कर रहा था। पत्नी के मुताबिक उसी लंबे बाल वाले युवक ने ही रेकी है। इस युवक की पहचान को लेकर क्राइम ब्रांच टीम ने बिददीवाड़ा मार्केट के अलावा जीटी रोड पर लगे व्यापारियों के यहां सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला।