मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी नफीस ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा हमजा (14) रहमानिया मस्जिद के पास स्थित दुकान पर वेल्डिंग का काम करने जाता था। रोजाना की तरह विगत 31 जुलाई को भी वह दुकान पर काम सीखने गया था, लेकिन संदिग्ध हालात में लापता हो गया। पीड़ित परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
उधर, क्षेत्र के गांव सुजडू की जहांगीर पट्टी निवासी खतीजा पत्नी महबूब ने तहरीर देकर बताया कि उसकी सात साल की बेटी बुशरा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहलापता हो गई। पीड़िता ने अपहरण की आशंका जताते हुए बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजडू निवासी मिंटू ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई जोनी मानसिक रूप से बीमार चल रहा है। विगत दस अगस्त की सुबह करीब सात बजे वह खुद ही घर से निकलकर कहीं चला गया, जिसकी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।