पुलिस स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर टेंशन में रही तो चोरों ने इसका जमकर फायदा उठाया। 15 अगस्त को चोरों ने दुकान और घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये की चोरी कर ली। डेलापीर मंडी में इरशाद हुसैन पुत्र रिफाकत हुसैन की आढ़त है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की सुबह आठ बजे वह दुकान में ताले डालकर काम से गए थे। रात आठ बजे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे हैं। दुकान के अंदर देखा तो चोरों ने अलग-अलग वेरायटी के प्याज के 50 कट्टे चोरी कर लिए हैं। दूसरी घटना महानगर कालोनी के रामशरण वर्मा पुत्र प्रभु शरण पत्नी का इलाज कराने के लिए 15 जुलाई को दिल्ली गए थे। रामशरण के साले राजेंद्र ने बताया कि बहनोई घर को ताला बंद करके चाबी उन्हें दे गए थे। 14 अगस्त को पड़ोसी ने घर में लाइट जले होने की सूचना दी। वह पहुंचे तो देखा कि चोर किराएदार की ओर से खिड़की की ग्रिल निकालकर घर में घुसे थे और कमरे का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये के जेवर और 35 हजार रुपये नगद चोरी करके ले गए। इज्जतनगर थाने में दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।