घर में घुसकर मां-बेटियों पर हमला
मीरापुर। ग्राम भुम्मा में दो शराबी युवकों ने घर में घुसकर मां-बेटियों से मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को उपचार दिलाया गया।
मीरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भुम्मा में शनिवार शाम लोभीलाल की दो बेटी घर में कार्य कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवक शराब पीकर उनके घर में घुस गए और युवतियों से गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। मारपीट होते देख इन युवतियों की मां बीचबचाव के लिए आ पहुंची। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी मां कमला से भी मारपीट कर घायल कर दिया। घायल युवतियों और उनकी मां को स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया दिया गया। मारपीट करने वाले मानसिंह और बिन्नू के विरुद्ध कमला ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजेंद्र रस्तोगी नगराध्यक्ष बने
मीरापुर। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजकुमार नरूला, जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक अशोक कंसल, महामंत्री श्याम सिंह सैनी की देखरेख में मीरापुर व्यापार मंडल की कमेटी का गठन किया गया, जिसमें राजेंद्र कुमार रस्तोगी को नगर अध्यक्ष, हरपाल शर्मा को महामंत्री, मनीष अग्रवाल कोषाध्यक्ष, बिजेंद्र डागा वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा योगेश कुमार राजवंशी को जिला उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर नीरज शारदा, राघवेंद्र, मोहित लखोटिया, दीपक, मोहित गर्ग, राघव रस्तौगी, श्यामलाल सुखीजा, अशोक मदान, सुशील शर्मा आदि मौजूद रहे।
विवाहिता लापता
मीरापुर। ग्राम कासमपुर खोला निवासी सुनीता पत्नी शीशपाल 21 फरवरी को गांव से मीरापुर कस्बे में घरेलू सामान खरीदने के लिए आई थी। सुनीता शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की। एक सप्ताह तक काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर आज उसके पति ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी। पुलिस तलाश कर रही है।
दो पक्षों में मारपीट
मीरापुर। संभलहेड़ा में धमेंद्र और सहेंद्र में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के चलते दोनों में मारपीट हो गई। घटना के बाद सहेंद्र के पुत्र राहुल, भूरा और रोहित ने भी धर्मेंद्र के साथ मारपीट की। पुलिस ने धर्मेंद्र की रिपोर्ट पर चार लोगो के विरुद्ध शांतिभंग का मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।