दंपति पर चाकू से हमला
चरथावल। दलीपपुरा गांव में हमलावरों ने दंपति पर चाकू से हमला बोल दिया। पति ने पत्नी का बचाव किया, तो आरोपियों ने पत्नी के हाथ में चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी चौकीदार और उसके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना क्षेत्र के गांव में दंपति शनिवार शाम अपने खेत पर जा रहे थे। आरोप है कि गांव के हमलावरों ने उन्हें रोककर उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को सविता ने चाकू से हाथ से पकड़ लिया, जिससे उसका हाथ लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वादी सुदेश ने गांव के चौकीदार रामपाल और उसके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली हादसे में युवक की मौत, शव पहुंचा
चरथावल। दधेडू खुर्द गांव का फरमान दिल्ली में रहकर एल्युमीनियम का काम करता था। दो दिन पूर्व काम से लौटते वक्त एंबुलेंस की टक्कर से उसके सिर में गंभीर चोट आने से वहां हास्पिटल में भर्ती कराया था, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया था। खबर लगने के बाद परिजनों ने दिल्ली पहुुंच गए थे। वहां से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने के बाद रविवार को शव गांव में लाया गया। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए खाक कर दिया।
किशोरी से छेड़छाड़
चरथावल। क्षेत्र के गांव में खेत पर काम करने गई किशोरी को पकड़कर दो युवकों ने बदसलूकी शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों ने दो युवकों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और छेड़छाड़ का मुकदमा पंजीकृत कराया है।
युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट
पुरकाजी। पुलिस ने कस्बा निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर मोहल्ले के ही एक युवक के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। कस्बे के मोहल्ला झोझगान निवासी नूर हसन ने रविवार को थाने पर तहरीर देकर मोहल्ले के ही एक युवक पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी उजेरा पुत्र जुल्फिकार के विरुद्ध धारा 363, 366 के तहत मुकदमा कायम कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।