मुजफ्फरनगर। दालमंडी में दुकान के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के चार लोगों को पकड़ कर ले आई। एक पक्ष के समर्थन में सपा नेता और दूसरे पक्ष के समर्थन में बजरंग दल नेता कोतवाली पहुंचे तो हंगामा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ने से इंकार कर दिया। देर शाम तक दोनों ओर से समझौते के प्रयास चलते रहे।
शहर कोतवाली क्षेत्र की दालमंडी में सौरभ की सरिये की दुकान है। जिसके बाहर गाड़ी खड़ी होती है, जिसका पड़ोसी दुकानदार अमित विरोध करता है। शुक्रवार को जब दुकान के बाहर गाड़ी खड़ी थी तो इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि अमित पक्ष ने सौरभ और उसके भाई सचिन पर हमला कर घायल कर दिया। झगड़ा होने से मंडी में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ओर से चार लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कुछ ही देर में एक पक्ष के समर्थन में सपा नेता और दूसरे के समर्थन में बजरंग दल नेता भी कोतवाली पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थक भी कोतवाली में मामले को लेकर आमने-सामने आ गए और हंगामा हो गया। जिम्मेदार लोगों ने उन्हें समझाबुझाकर शांत किया। पुलिस ने भी उन्हें शांत होने की हिदायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ने से इंकार कर दिया। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी रहे।