कोल्हू पर मामूली विवाद में दो पक्ष भिड़े
शाहपुर। गांव आदमपुर में कोल्हू पर मामूली विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसमें दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया।
थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी सुभाष ने गांव में कोल्हू लगाया हुआ है, जिस पर गांव गोयला का रामपाल अपने बेटों राजेश व सचिन के साथ गुड़ पकाने का काम करता है। शुक्रवार देर रात किसी बात को लेकर सुभाष व रामपाल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष से सुभाष, मोहित व किट्टू और दूसरे पक्ष से रामपाल, राजेश व सचिन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का उपचार कराने के बाद उन्हें हिरासत में लेते हुए शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया। उधर, पुलिस ने सोरम गेट पर संदिग्ध हालात में घूम रहे कांधला के गंगेरू निवासी अमित को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
-