मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगारामपुरा निवासी विनोद कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी नेहा शनिवार सुबह घर से कुछ सामान लेने दुकान पर जाने की बात कहकर गई थी। इसके बाद वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने युवती की तलाश की, लेकिन हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने युवती की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
नशे की गोलियों के साथ दबोचा युवक
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाने के एसआई जगपाल सिंह ने शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान नशे की गोलियों के साथ एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम खालापार निवासी नौशाद बताया, जिसके पास से 240 नशे की गोलियां बरामद की गईं हैं। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
महिला की जहर खाने से मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी सविता को शनिवार सुबह परिजनों ने जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला ने जहर खाया हुआ था, जिसे तत्काल उपचार दिया गया, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इस पर घटना की सूचना पुलिस को देते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।