मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी आकाश ने तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार देर शाम चांदपुर के रास्ते से होकर गांव लौट रहा था। पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह चांदपुर के जंगल में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद गांव चांदपुर निवासी आकाश, रविकांत व दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने आकाश पर सरियों से हमला करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल चोर की तलाश में अजमेर पुलिस की दबिश
मुजफ्फरनगर। राजस्थान प्रांत के जनपद अजमेर में जीआरपी थाने के एसआई रणजीत सिंह ने बृहस्पतिवार को टीम के साथ शहर कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। रणजीत सिंह ने बाद में स्थानीय पुलिस को साथ लेकर दक्षिणी खालापार निवासी फैसल की तलाश में उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। अजमेर पुलिस के अनुसार, अजमेर रेलवे स्टेशन से कुछ समय पूर्व कई मुसाफिरों के महंगे मोबाइल चोरी हुए थे, जिनमें से एक में फैसल की आईडी से लिया गया सिम कार्ड चलाने के साथ ही उसकी लोकेशन भी यहीं मिल रही है। हालांकि आरोपी के नहीं मिलने पर अजमेर पुलिस बैरंग लौट गई।