हरेंद्र की हत्या से गम और गुस्सा
शाहपुर। क्षेत्र के गांव सोरम निवासी हरेंद्र चौधरी की मेरठ के कंकरखेड़ा में हुई हत्या के बाद परिजनों सहित ग्रामीणों में गम का माहौल है। हरेंद्र का गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। हरेंद्र की हत्या से ग्रामीणों में गम और गुस्सा है। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्याभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग की है।
शाहपुर के गांव सोरम निवासी 45 वर्षीय हरेंद्र चौधरी पुत्र जयपाल सिंह मेरठ के कंकरखेड़ा में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। उसका ऑफिस रोहटा रोड स्थित तेज विहार में है। सोमवार को जब वह अपने ऑफिस में बैठा अपने साले के अलावा अपने पार्टनरों से बात कर रहा था, तो दिनदहाड़े बदमाशों ने उसे टारगेट करते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इसके बाद उसकी मौत हो गई थी। उसकी मौत की सूचना जब गांव में पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। हरेंद्र चौधरी अपनी पत्नी अंजू और तीन बच्चों सहित मेरठ में ही रह रहा था। उसकी हत्या से पिता जयपाल , मां वीरमति , पत्नी अंजू , भाई अरविंद कुमार सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के भाई अरविंद ने बताया कि उसके भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। इसके बावजूद भाई की हत्या कर दी गई। मृतक की दोनों बेटियां 14 वर्षीय मानसी व 12 वर्षीय पलक सहित नौ वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष का रो-रो कर बुरा हाल है। मंगलवार की सुबह हरेंद्र का शव गांव में पहुंचा, तो ग्रामीणों में शोक की लहर छा गई । बाद में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। उधर, ग्रामीणों ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।