नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। टीम ने ठेकेदारों को किये गये भुगतान का ब्यौरा तलब किया। घंटों तक टीम ईओ के कमरे में गहन निरीक्षण में जुटी रही। इससे कर्मचारियों में भी हलचल नजर आई।
शुक्रवार को आयकर विभाग की चार सदस्यीय टीम नगरपालिका परिषद के टाउनहाल स्थित कार्यालय पहुंची। टीम ने ईओ विकास सैन के कार्यालय में जांच पड़ताल शुरू की। उन्होंने ईओ से इस वित्तीय वर्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों को वेतन के रूप में किये गये भुगतान, विकास कार्यों व अन्य कामकाज के लिए ठेकेदारों एवं अन्य फर्मों को किये गये भुगतान, आउट सोर्सिंग के माध्यम से रखे कर्मचारियों के भुगतान और ठेके पर रखे सफाई कर्मचारियों के भुगतान के संबंध में रिपोर्ट तलब की। सूत्रों के अनुसार भुगतान पत्रावलियों की जांच के दौरान आयकर विभाग की टीम को कई बड़ी खामियां मिली। इसे लेकर पालिका प्रशासन से जवाब तलब किया गया है। टीम ने ये भी देखा वेतन, ठेके में किये गये भुगतान में कितना इनकम टैक्स किस आधार पर काटा गया है। आयकर विभाग का छापा लगने के कारण पालिका प्रशासन में हड़कंप नजर आया। टीम ने ईओ के कमरे में कई घंटों तक रहकर पत्रावलियों का गहन अध्ययन किया। आयकर विभाग की टीम में आयकर अधिकारी संजय जैन, आयकर निरीक्षक गणेश गुप्ता, अशोक द्विवेदी, कर सहायक कर राजकुमार शामिल रहे।