दो क्विंटल मांस बरामद, बछड़ा मुक्त कराया
भोपा। घने जंगल में गोकशी कर रहे आधा दर्जन आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक बछड़ा, एक बाइक, दो क्विंटल से भी अधिक मांस और उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगी है।
पुलिस को सोमवार देर रात किशनपुर व मलपुरा के जंगल में गोकशी की सूचना मिली थी। एसएसआई लेखराज सिंह ने पुलिस के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक बाइक और दो क्विंटल से भी अधिक मांस और एक बछड़ा बरामद किया। गोकशी में प्रयुक्त उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए है। आरोपी मांस को पन्नी में पैक कर पैकट के माध्यम से सप्लाई करते है।
मुठभेड़ में हथियार तस्कर गिरफ्तार
तितावी। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक हथियार तस्कर को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष सूबे सिंह को सूचना मिली थी कि एक हथियार तस्कर क्षेत्र के गांव धौलरा के चिरवा टिल्ला के पास से अवैध असलहा की खेप देने के लिए जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी करते हुए बाइक पर जा रहे युवक को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायर किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 61 जिंदा कारतूस, दो देसी तमंचे, 2300 रुपये बरामद हुए। आरोपी सलीम पुत्र जफर गांव बढ़ी, झिंझाना जिला शामली का है। एसओ ने बताया कि यह काफी समय से अवैध हथियारों की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया।