मुजफ्फरनगर। एक नशेड़ी युवक ने भाभी की हत्या करने का प्रयास किया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है। जसवंतपुरी निवासी ममता पत्नी सुरेंद्र ने सिविल लाइन थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसका देवर मोनू नशेड़ी है। आरोप है कि आरोपी नशा कर घर आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा, जिसका विरोध करने पर आरोपी ने गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। शोर मचाने पर अन्य परिजनों ने आकर उसे बचाया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो युवक घायल
मुजफ्फरनगर। प्रेमपुरी निवासी पुलकित बालियान पुत्र अशोक ने पुलिस को बताया कि गत रात वह अपने साथी विजयंत चौधरी के साथ एक्टिवा से गांधी कॉलोनी से घर लौट रहा था। रास्ते में गलत साइड से आई कार ने एक्टिवा में टक्कर मार दी, जिससे वह दोनों घायल हो गए।
महिला ट्रेन से गिरी
मुजफ्फरनगर। बिजनौर जनपद के कस्बा नहटौर निवासी बबली पत्नी बबलू दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर आ रही थी। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में वह गिरकर घायल हो गई। जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
घायल की मौत
मुजफ्फरनगर। नईमंडी के मोहल्ला शांतिनगर निवासी मुकेश घर में बाथरूम में गिरकर घायल हो गया था। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया और शव अपने साथ ले गए।
फरार प्रेमी युगल दबोचा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने दस दिन पहले घर से फरार प्रेमी युगल और प्रेमी के जीजा को दबोच लिया है। युवती के परिजनों ने युवक और उसके परिजनों पर युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी। शुक्रवार को डायल 100 ने एक सूचना के आधार पर प्रेमी और युवती को प्रेमी के जीजा सहित दबोच लिया। नईमंडी पुलिस युवती का मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
मारपीट करने पर तीन का चालान
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस के गाजावाली निवासी संजय शर्मा और दीपक तथा सुभाष नगर निवासी सैफ अली को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान किया है। पुलिस का कहना है कि तीनों झगड़ा कर रहे थे।