मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी सरवट निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 14 साल की बेटी शुक्रवार शाम दुकान से सामान लेने गई थी। आरोप है कि गांव के ही आमिल, अनीस व फुरकान गांव के बीच से ही किशोरी को जबरन गाड़ी में डालकर अगवा कर ले गए। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन बेटी की तलाश में आरोपियों के घर पहुंचे, जहां से उन्हें धमकी देकर भगा दिया गया। पीड़िता ने अगवा की गई बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घर में घुसकर मारपीट, तहरीर दी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी निवासी वेदप्रकाश ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार सुबह वह पत्नी व परिजनों के साथ घर पर था। आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक कई साथियों के साथ जबरन घर में घुस गया ओर वेदप्रकाश के साथ ही अन्य परिजनों से मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।