जालसाजी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। कांधला के गांव डांगरौल निवासी किसान को नॉबार्ड से भैंस डेयरी के लिए एक करोड़ का लोन कराने का झांसा देकर शातिरों ने उससे करीब 16 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस जांच में मामला सही पाए जाने के बाद एसपी सिटी ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
कांधला के गांव डांगरौल निवासी सुरेश पाल ने एसपी सिटी ओमवीर सिंह से मिलकर बताया कि उसे पशु पालन के लिए भैंस डेयरी खोलनी थी। इस मामले में उसकी मुलाकात चार लोगों से हुई, जिन्होंने नॉबार्ड के तहत उसे एक करोड़ रुपये का लोन पास कराने का झांसा दिया। पीड़ित के अनुसार, लोन दिलाने में उसे मार्जिन मनी, स्टांप व अन्य कागजात के नाम पर करीब 16 लाख रुपये खर्च बताया गया, जिस पर उसने 15 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके बाद कुछ कागजी खानापूर्ति कराते हुए आरोपी उसे एक बैंक में ले गए, जहां सुरेशपाल को एक अन्य व्यक्ति से मिलवाते हुए खर्च के बचे एक लाख रुपये भी दो बैंक खातों में डलवा लिए गए। इसके बाद एक माह में लोन पास होने का आश्वासन दिया गया। पीड़ित के अनुसार एक महीना पूरा होने पर भी जब लोन पास नहीं हुआ तो उसने अपने रुपयों का तकादा किया। इस पर आरोपियों ने उसे दस लाख व 71 हजार रुपयों के दो चेक उसे दिए, लेकिन दोनों खाते में रुपये न होने से बाउंस हो गए। इस पर पीड़ित ने एसपी क्राइम आरबी चौरसिया को शिकायती पत्र दिया, जिस पर उन्होंने मामले की जांच कराई तो आरोप सही पाए गए। मंगलवार को एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने मामले में पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।