छेड़छाड़ पीड़िता की वीडियो क्लिप वायरल
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में मंगलवार को एक युवती की तीन वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। क्लिप में युवती एक अधेड़ उम्र का सरेआम गिरेबान पकड़कर उसके साथ बदसलूकी करती नजर आ रही है। यही नहीं युवती द्वारा मोबाइल से इस वाकये की क्लिप बनाए जाने पर उन्हें भी धमका रही है। उक्त युवती वही डॉक्टर बताई जा रही है, जिसके द्वारा हाल ही में शहर कोतवाली में कई लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ व बदसलूकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवती ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह जिला अस्पताल में संविदा पर डॉक्टर के रूप में काम करती है। युवती के अनुसार दिवाली की शाम वह एक ऑपरेशन करने के लिए जिला अस्पताल आ रही थी। रास्ते में पहले एक बाइक सवार और बाद में उसके पक्ष में एक दुकानदार समेत कई लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की और मोबाइल छीन ले गए। पुलिस ने सोमवार को ही तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक युवती की तीन वीडियो क्लिप वायरल हुई हैं, जिनमें युवती सरेआम एक अधेड़ का गिरेबान पकड़कर उसके साथ गाली-गलौज व बदसलूकी करती नजर आ रही है। यही नहीं, युवती द्वारा इस वाकये की मोबाइल से क्लिप बना रहे युवकों को भी धमकाया जा रहा है। उक्त वीडियो क्लिप वायरल करते हुए शहर कोतवाली में दर्ज हुई छेड़छाड़, मारपीट व बदसलूकी संबंधी रिपोर्ट के असली पीड़ित कौन हैं ? यह जानने की अपील की जा रही है। मामले में इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि वायरल हुई वीडियो क्लिप में रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती ही है, जिसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद अब मामले की दूसरे पहलू से भी जांच कराई जाएगी। किसी भी बेकसूर को जेल नहीं भेजा जाएगा।