किशोरी से दुष्कर्म कर वीडियो क्लिप बनाई
मुजफ्फरनगर। शहर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने दुबई से लौटे युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत करने पर आरोपी ने अपने पिता-भाई के साथ पीड़िता के परिजनों के साथ भी मारपीट कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने तहरीर देकर बताया कि वह घर में मां के साथ रहती है। पीड़िता के अनुसार उनका परिचित युवक हाल ही में दुबई से लौटा था, जो कई दिन से उसके साथ छेड़छाड़ करता आ रहा था। आरोप है कि 26 अगस्त की रात आरोपी किशोरी के घर में घुस आया। आरोप है कि किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ रात भर कई बार दुष्कर्म करते हुए मोबाइल से उसकी क्लिप भी बना ली। पीड़िता ने अगले दिन अपने भाई व पड़ोसी महिला को इसकी जानकारी दी, जिस पर दोनों आरोपी के घर शिकायत करने गए। आरोप है कि वहां आरोपी ने अपने पिता व भाई के साथ मिलकर हमला करते हुए मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। कई दिन से क्षेत्र के मौअज्जिज लोग दोनों पक्षों में फैसला कराने के प्रयास कर रहे थे, लेकिन बात न बनने पर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।