बड़गांव (सहारनपुर)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी होने का एक और मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित के पिता ने एसएसपी को तहरीर देकर आरोपी ठग बाजों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव अंबेहटा मोहन निवासी अनीश त्यागी पुत्र शरीफ ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके गांव के दो युवकों ने उसके दो बेटों को सऊदी अरब में नौकरी पर भेजने के नाम पर करीब छह लाख रुपये नगद लिए थे। उन्होंने उसके बड़े बेटे को करीब सवा वर्ष पूर्व सऊदी अरब में नौकरी पर भिजवा दिया था, लेकिन दूसरे बेटे को विदेश भिजवाने के नाम पर आरोपी आना कानी करते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद ना ही तो पैसे वापस किये और ना ही उसके छोटे बेटे को विदेश भेजने के लिए वीजा दिलवाया। उल्टे पैसे वापस मांगने से नाराज हो कर आरोपियों ने बड़े बेटे की भी सऊदी अरब से नौकरी छुड़वा दी। जब पीड़ित ने दोनों आरोपी से अपने द्वारा दी गई रकम लौटाने के लिए कहा तो उनके साथ गाली गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने दोनों आरोपियों का नामजद करते हुए एसएसपी सहारनपुर से न्याय की गुहार लगाई है। कप्तान के निर्देश पर बड़गांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।