दो लुटेरे दबोचे, कार भी बरामद
मुजफ्फरनगर। फुगाना पुलिस ने दो अंतर्जनपदीय लुटेरे पकड़े हैं। लुटेरों पर पांच-पांच हजार का इनाम था। पकड़े गए बदमाशों ने कई बड़ी लूट की वारदात कबूली हैं। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से कार और तमंचा चाकू बरामद किया है। बदमाशों के खिलाफ कई जनपदों में लूट, चोरी के मामले दर्ज हैं। लुटे गए माल को मेरठ में कबाड़ियों के यहां ठिकाने लगाते थे। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे हरियाणा में शरण लेते थे।
पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एसपी देहात अजय सहदेव ने बताया कि फुगाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरियाणा के पानीपत में दबिश देकर शातिर इनामी बदमाश राजवीर पुत्र किशनलाल निवासी बनी मंसूरी थाना इंचौली तथा तेजवीर उर्फ खिलौना उर्फ राजेंद्र पुत्र सावंती निवासी शाहजहांपुर, किठौर को गिरफ्तार किया है। दोनों शातिर लुटेरे अंतर्जनपदीय स्तर पर गिरोह बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खुलने पर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित था। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे एक लूटी गई कार, तमंचा और चाकू बरामद हुए हैं। पूछताछ में लुटेरों ने कई बड़ी वारदातों को खुलासा किया है। बदमाश राजवीर और तेजवीर गैंग बनाकर ट्रांसफार्मर बनाने वाले प्लांट, फैक्ट्री को निशाना बनाते थे, जो चौकीदार को बंधकर बनाकर लूट की घटना को अंजाम देते थे। बदमाशों के खिलाफ जनपद में भी शाहपुर, बुढ़ाना, मंसूरपुर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फैक्ट्री आदि में लूट की वारदातें दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाश लूटे गए माल को मेरठ में सोतीगंज के कबाडिय़ों को बेचते थे। वहीं से अपना हिस्सा-हिस्सा लेकर हरियाणा फरार हो जाते थे। लुटेरों ने शामली, बुलंदशहर, हरियाणा के साथ जनपद में भी दर्जनभर लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
बदमाशों की संपत्ति हो चुकी है कुर्क
मुजफ्फरनगर। एसपी देहात ने बताया कि दोनों बदमाश राजवीर और तेजवीर की पुलिस पहले ही संपत्ति को कुर्क कर चुकी है। पकड़े गए बदमाश पिछले आठ साल से फरार हैं। इन्हें पकड़ने के लिए सर्विलांस के साथ मुखबिर का सहारा लिया गया है।
छह सदस्य जेल में हैं बंद
मुजफ्फरनगर। इस गैंग के सदस्य पिंटू उर्फ सोनू उर्फ अशोक पुत्र इकबाल निवासी पंचगांव थाना जानी, भंवर सिंह पुत्र रतिराम निवासी गांव इकलौता थाना दौराला, नरेश पुत्र सुखवीर निवासी ग्राम छिजारसी थाना पिलखुवा हापुड, मुन्ना पुत्र वसिया निवासी मोहल्ला पाल थाना मुरादनगर, गाजियाबाद तथा नूरदीन पुत्र अब्दुल रहमान निवासी सुभाष बाजार मेरठ, राकेश पुत्र लाल सिंह निवासी बिहारीपुर थाना बागपत पहले ही जेल जा चुके हैं।
मेरठ के कबाड़ियों की तलाश
मुजफ्फरनगर। पकड़े गए लुटेरों के बयान के आधार पर अब पुलिस मेरठ के कबाड़ियों की धरपकड़ में लग गई है। जो इन लुटेरों से माल खरीदते थे। कबाड़ियों की तलाश के लिए मेरठ सोतीगंज, सदर बाजार की पुलिस से संपर्क साधा गया है।