सामूहिक नकल मामले में सीओ ने तफ्तीश शुरू की
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। बाढ़ इंटर कॉलेज में एसटीएफ द्वारा पकड़ी गई सामूहिक नकल प्रकरण में विवेचक सीओ सदर धनंजय कुशवाहा ने बुधवार को कॉलेज पहुंचकर तफ्तीश शुरू की। करीब तीन घंटे तक चली छानबीन के दौरान उन्होंने डीआईओएस प्रवीण मिश्रा सहित चार शिक्षकों से घटना के तथ्य जुटाए।
23 फरवरी को जनता इंटर कॉलेज बाढ़ में एसटीएफ की टीम ने दूसरी पाली के फिजिक्स के पेपर में सामूहिक नकल पकड़ी थी। नकल माफिया कमर इंतखाब और उसके भाई अशहर नफीस समेत 17 फर्जी परीक्षकों को जेल भेजा था। मामले में भ्रष्टाचार निवारण की धाराएं होने के कारण विवेचक सीओ को बनाया गया। उन्होंने मामले के तथ्यों को संकलित करना शुरू किया। मुकदमे के वादी जिला विद्यालय निरीक्षक और घटना के दिन कक्षों में ड्यूटी देने वाले तीन परीक्षकों को कॉलेज प्रांगण में बुलाया गया। सभी से अलग-अलग पूछताछ की गई थी। डीआईओएस ने एफआईआर में दर्शाए गए बिंदुओं के समर्थन में बयान दिए। सीओ के साथ इंस्पेक्टर राजीव कुमार भी मौजूद रहे। उधर, इस कॉलेज में इंटर के करीब 690 परीक्षार्थी हरियाणा, उत्तराखंड और आसपास के जनपदों शामली, बागपत से विद्यार्थी आकर परीक्षा दे रहे हैं। घटना के बाद गणित के पेपर में मात्र नौ को छोड़कर सभी ने पेपर दिए थे। सूत्रों के मुताबिक अधिकांश परीक्षार्थियों ने कॉपियां खाली छोड़ दी थी। ज्यादातर तो ऐसे है, जो इमला बोलकर भी कॉपी में नहीं लिख सकते हैं।