थाने में दोनों पक्ष भिड़े, हंगामा
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला कृष्णापुरी में पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने महिला को तीन बच्चों समेत घर से निकाल दिया। मंगलवार शाम शहर कोतवाली में समझौते की वार्ता के दौरान आरोप-प्रत्यारोप को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी वैशाली ने तहरीर देकर बताया कि उसने करीब छह साल पूर्व अंकित शर्मा से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दंपति को तीन बच्चे आर्यन, आरोही व शिवा हुए। पीड़िता के अनुसार एक जून को पति की आकस्मिक मौत हो गई, जिसके बाद 14 अगस्त को ससुराल पक्ष ने उसे तीनों बच्चों समेत घर से निकाल दिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने महिला के पति की दुकान के साथ ही उसका सामान व बाइक तक बेचकर सारी संपत्ति भी अपने कब्जे में कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर 19 अक्तूबर को पीड़िता ससुराल पहुंची तो उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए घर में नहीं घुसने दिया गया, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई। मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था, जिसमें समझौते की वार्ता के दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया, जिसके बाद पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।