किसान की फसल बर्बाद
मीरापुर। गांव कैथोड़ा निवासी किसान अबरार पुत्र इस्तखार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के 11 लोगों ने उसकी दो बीघा गन्ने की फसल जबरन जोतकर बर्बाद कर दी। इस मामले में किसान को करीब 60 हजार रुपये की हानि हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
संघर्ष में नामजद चार आरोपी जेल भेजे
मीरापुर। ईद की नमाज के बाद गांव मुझेडा सादात में हुए खूनी संघर्ष में वांछित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 15 लोग नामजद व आठ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। नामजद 15 लोगों में से छह को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया था, जबकि अफसर पुत्र इस्लाम, सरताज पुत्र हाजी भूरा, हाजी भूरा पुत्र नजीर, बामिक पुत्र कामिल को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी ओरोपियों की तलाश जारी है।
नए मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा
मीरापुर। भाजपा की ओर से आयोजित कार्यशाला में बूथ स्तर पर नए मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा की गई। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित बैठक में मुख्य वक्ता क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विमल शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे मतदाता पंजीकरण अभियान चलाएं तथा प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची का अवलोकन करें। कोई भी नया मतदाता सूची से छूट न जाए। जिला उपाध्यक्ष सतीश खटीक, जिला महामंत्री हरीश अहलावत ने भी विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने पर बल दिया। मंडल अध्यक्ष प्रदुमन शर्मा ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। बैठक में बेहड़ा मंडल अध्यक्ष डा. दिनेश धीमान, मोरना मंडल अध्यक्ष सुधीर प्रजापति, सचिन ठाकुर, भुपेंद्र चौहान, राजेंद्र गुर्जर, जसवंत सैनी, यशवंत सैनी, नरेंद्र त्यागी, जितेंद्र आर्य, इंद्र सिंह, सोनित चौधरी, नवीन, राहुल आदि उपस्थित रहे।
दुकानदार ने महिला का पर्स लौटाया
मीरापुर। समाज में धन के लिए चल रही मारामारी के बीच ईमानदारी की घटना प्रेरणा का काम करती है। ईद के अवसर पर गांव कैथोड़ा की महिला शब्बो पत्नी साजिद खरीदारी करने के लिए बाजार गई थी। महिला ने मानिक फुटवीयर नाम की दुकान से अपने बच्चों के लिए जूते आदि खरीदे थे। इस दौरान महिला का पर्स दुकान पर ही रह गया, जिसमें सोने के जेवर व 3500 रुपये की नगदी थी। दुकान मालिक आशू संगल व उसके सेल्समैन बिटटू को शाम के समय पर्स पड़ा मिला, तो उन्होंने संभाल कर रख लिया। ईद के बाद महिला पर्स तलाश करती हुई दुकान पर पहुंची। दुकान मालिक आशु संगल ने पर्स के सामान की जांच पड़ताल कर महिला को पर्स लौटा दिया। करीब पचास हजार रूपये के सामान की वापसी पर महिला ने दुकानदार का आभार व्यक्त किया।