युवक की दूसरी शादी रुकवाने की गुहार
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। बिजनौर की युवती ने शनिवार को थाने पहुंचकर क्षेत्र के युवक पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि तीन साल पहले युवक ने हरिद्वार में उसकी मांग में सिंदूर भरकर दुल्हन बना लिया था। दो दिन बाद युवक की होने वाली शादी को अवैध बताते हुए रुकवाने की गुहार पुलिस से लगाई है।
बिजनौर के स्योहारा क्षेत्र की रहने वाली युवती और हिंडन पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव का युवक हरिद्वार में अलग-अलग प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। करीब तीन साल पहले वहां दोनों के बीच प्रेमालाप हो गया। उसके बाद दोनों एक दूजे के हो गए। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में वहीं रहने लगे, लेकिन तकरार होने के बाद करीब छह महीने पहले युवक गांव आ गया। बताया गया कि परिजनों ने दोनों के संबंधों का मालूम चलने पर युवक का रिश्ता अन्य जगह तय कर दिया। युवक की चार दिसंबर को शादी होने वाली है। शादी की भनक लगते ही शनिवार को युवती परिजनों संग थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को पूरा वाकया बताया और तहरीर देकर युवक की शादी रुकवाने की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के तथ्यों की पड़ताल कराई जा रही है।