वसीम अपहरण कांड में तीन युवक हिरासत में
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने महमूदनगर के वसीम अपहरण कांड में तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार को लक्सर जाकर भी वसीम के संबंध में वहां की पुलिस से जानकारी ली। पुलिस सोमवार को इस कांड का खुलासा कर सकती है। सूत्रों की माने तो साथियों ने ही लूट के माल के बंटवारे को लेकर वसीम की हत्या करके शव को लक्सर क्षेत्र में फेंक दिया था।
महमूदनगर निवासी वसीम चार जून को लापता हो गया था। बाद में पुलिस ने उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गत दिवस एक आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने साथियों के साथ मिल कर वसीम की लक्सर में हत्या कर दी थी। पुलिस लक्सर पहुंची तो लक्सर पुलिस ने बताया कि छह जून को एक युवक का शव मिला था, जिसका पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान नहीं होने पर अंतिम संस्कार कर दिया था। कपड़ों और फोटो से परिजनों ने भी लाश की पहचान वसीम के रूप में कर दी है। इसके बाद पुलिस ने दो और युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।