पुरकाजी ( मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून नेशनल हाइवे पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रमेश उर्फ नानू को मार गिराया। नानू पुत्र राम सिंह सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव जटोल निवासी था। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश फरार हो गए। बदमाशों की गोली लगने से पुरकाजी इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं।
मुठभेड़ सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुरकाजी बाईपास पर हुई। बाइक सवार तीन संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। बदमाशों की एक गोली पुलिस जीप का शीशा तोड़ते हुए इंस्पेक्टर पुरकाजी विजय सिंह के हाथ में लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश नानू गोली लगने के बाद घायल होकर गिर गया।
जबकि दो बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। बाद में घायल बदमाश की पुरकाजी सीएचसी पर उपचार के दौरान मौत हो गई। एसपी सिटी ने बताया कि रमेश उर्फ नानू के खिलाफ मुजफ्फरनगर और अन्य जिलों में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। छह मुकदमों में पुलिस को उसकी तलाश थी। भोपा में हुई लूट और पुलिस पर फायरिंग के मामले में उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
एनकाउंटर में मारे गए बदमाश
16 अगस्त 2017- मीरापुर के तुल्हेड़ी के जंगल में 50 हजार का इनामी नितिन पबरसा मरा गया।
8 सितंबर 2017- ककरौली क्षेत्र में जटवाडा नहर के पास मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी नदीम बागोवाली को ढेर किया।
17 सितंबर 2017- खतौली में हाइवे पर मुठभेड़ के दौरान 20 हजार का इनामी दोघट निवासी जान मोहम्मद उर्फ जानू मारा गया।
23 अक्तूबर 2017- बुढ़ाना के जंगल में 50 हजार का इनामी फुरकान मारा गया।
30 दिसंबर 2017-जानसठ की भलवा चौकी के पास मुठभेड़ में एक लाख का इनामी शमीम सिसौना मारा गया।
2 फरवरी 2018- मीरापुर के तुल्हेड़ी के जंगल में 25 हजार का इनामी इंद्रपाल मारा गया।
6 फरवरी 2018- रोहाना के पास 50 हजार का इनामी विकास जाट मारा गया।
3 मई 2018- चरथावल क्षेत्र में पीनना रजवाहे के पास मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी रिहान मारा गया।
4 जून- पुरकाजी क्षेत्र में पुलिस ने 50 हजार के इनामी रमेश उर्फ नानू को ढ़ेर किया।