गोकशी पकड़ी, दो पर रिपोर्ट दर्ज
भोपा। पुलिस ने तिस्सा गांव से गोकशी पकड़ी है। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार को जौली चौकी प्रभारी गुरुवचन सिंह, एसआई रौदास सिंह ने छापा मारकर मौके से लगभग एक कुंतल गोमांस व उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी गुलजार निवासी तिस्सा तथा एक अज्ञात मौके से फरार हो गए।
लेबर लाने के नाम पर एक लाख रुपये हड़पे
भोपा। भट्ठे पर ईंट पथाई के लिए लेबर लाने के नाम पर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये हड़प लिए गए। थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा थ्रू निवासी पवन ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव निवासी दो युवक उससे दो माह पूर्व भट्ठे पर लेबर लाने के नाम पर एक लाख रुपये ले गये थे। उन्होंने जब पैसे नहीं लौटाये तो उसने घर पर जाकर तकादा किया। इससे नाराज दोनों युवक अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ बृहस्पतिवार को मोरना स्थित भट्ठे पर पहुंचे। आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने का प्रयास किया। शोरशराबा सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गए। प
बसपाइयों ने फूंका पूर्व विधायक का पुतला
भोपा। बसपा मुखिया के खिलाफ टिप्पणी करने पर पूर्व विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका गया। कस्बे में दर्जनों बसपा कार्यकर्ताओं ने चांदपुर के पूर्व विधायक इकबाल ठेकेदार का पुतला फूंका। कहा कि अवसरवादी मानसिकता के व्यक्ति ख्याति पाने के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इसे बसपा कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस अवसर पर मोहम्मद जाकिर, ओमकार, सतीश, कारी इब्राहीम, मोहम्मद मूसा, अरसलान, पूर्व प्रधान घसीटू, नौशाद, शहजान, नरेंद्र प्रदीप, रवि कुमार आदि रहे।