शॉप से मोबाइल चोरी
रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी में बुढ़ाना रोड पर स्थित दुर्गा टेलीकॉम नामक मोबाइल की दुकान की छत फाड़कर चोरों ने करीब आधा दर्जन एंड्रॉयड मोबाइल चोरी कर लिए।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बरवाला निवासी अरविंद पुत्र रामदिया पिछले करीब सात वर्षों से रतनपुरी निवासी अशोक पुत्र नत्थू सिंह की दुकान किराए पर लेकर दुर्गा टेलीकॉम के नाम से मोबाइल की दुकान करता है। रात को वह रतनपुरी निवासी हलवाई जयबीर सिंह के पास ही सोता था। मंगलवार शाम को अरविंद दुकान बंद करके प्रतिदिन की भांति जयबीर हलवाई के घर पर सोने चला गया। रात में किसी समय चोर बराबर में स्थित हार्डवेयर की दुकान के सहारे छत पर चढ़े। चोरों ने छत पर लगी सिल्ली को उखाड़ कर दुकान के अंदर रखे मोबाइलों पर हाथ साफ किया। बुधवार की सुबह होने पर जब अरविंद ने दुकान खोली तो उसे चोरी की घटना का पता चला। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर रतनपुरी एमएस गिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को अज्ञात चोरों के विरुद्ध दुकान से फोन चोरी कर ले जाने की तहरीर दी है।